बिलासपुर। कुंभ में सफल परीक्षण के बाद अब बिलासपुर गृह रक्षा विभाग ने भी अत्याधुनिक रिमोट कंट्रोल लाइफ बॉय तकनीक को अपनी कार्यप्रणाली में शामिल कर लिया है। नया उपकरण बिलासपुर पहुंच चुका है और परीक्षण के बाद इसे जल तरंग जोश महोत्सव में प्रयोग किया जा रहा है।
गृह रक्षा विभाग के कमांडेंट सुशील कुमार ने जानकारी दी कि यह रिमोट संचालित लाइफ बॉय पानी में डूब रहे व्यक्ति को सुरक्षित किनारे तक लाने में सक्षम है। इसकी रेंज लगभग एक किलोमीटर है और इसमें उच्च गुणवत्ता वाला कैमरा भी लगाया गया है, जिससे ऑपरेटर दूर से ही पूरी स्थिति देख सकता है। यह उपकरण लगभग 45 मिनट तक लगातार चल सकता है।
उन्होंने बताया कि पहले डूबते व्यक्ति को बचाने के लिए थ्रो बैग का उपयोग किया जाता था। कई बार रस्सी की लंबाई कम होने पर यह मदद समय पर नहीं पहुँच पाती थी। लेकिन नई तकनीक के आने से बचाव कार्य और अधिक तेज़ व प्रभावी हो गया है। अब पानी में दुर्घटना की स्थिति में तुरंत रिमोट कंट्रोल लाइफ बॉय भेजकर व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाला जा सकेगा। विभाग का मानना है कि यह उपकरण भविष्य में जल-आधारित आयोजनों और आपात स्थितियों में बड़ी भूमिका निभाएगा।
