बिलासपुर, सुभाष–: ग्राम पंचायत बरमाणा में लोक निर्माण विभाग के एसडीओ बलदेव ने विभिन्न प्रस्तावित विकास कार्यों का मौके पर निरीक्षण किया। इस दौरान पंचायत के वार्ड सदस्यों और ग्रामीणों ने अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़ी समस्याएं और विकास कार्यों की मांगें अधिकारी के समक्ष रखीं।पंचायत के पूर्व उपप्रधान नतीश ठाकुर ने बताया कि सदर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर द्वारा सुझाए गए जनहित से जुड़े विकास कार्यों को लेकर एसडीओ ने विभिन्न स्थानों का दौरा किया। वार्ड सदस्यों ने संबंधित क्षेत्रों में प्रस्तावित कार्यों की जानकारी देते हुए जल्द एस्टीमेट तैयार करने का आग्रह किया, ताकि विकास कार्यों को शीघ्र शुरू करवाया जा सके।
वार्ड नंबर चार की सदस्य मीना देवी ने कैंचीमोड़ से आगे राष्ट्रीय राजमार्ग-21 के किनारे डंगा लगाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि इस स्थान पर डंगा लगाना आवश्यक है, ताकि सड़क और आसपास के क्षेत्र को संभावित नुकसान से बचाया जा सके। इसके अलावा मस्त राम ठाकुर के घर तक सड़क निर्माण के लिए स्वीकृत धनराशि के तहत जल्द एस्टीमेट तैयार करने की मांग भी रखी गई।ग्रामीणों ने विभागीय अधिकारी से विकास कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए निर्माण कार्यों का समय-समय पर निरीक्षण करने का आग्रह किया। एसडीओ ने मौके पर कार्यों की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित मांगों को विभागीय प्रक्रिया के तहत आगे बढ़ाने की बात कही।

