हमीरपुर, अरविंद- : हिमाचल प्रदेश में राजनीतिक बयानबाजी के बीच हिमाचल विपणन बोर्ड के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक कुलदीप सिंह पठानिया ने भाजपा नेता राजेंद्र राणा और विधायक आशीष शर्मा पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की छवि खराब करने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। हमीरपुर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान पठानिया ने दोनों नेताओं की ओर से प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर प्रतिक्रिया दी।पठानिया ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू जब हमीरपुर के अपने शुरुआती दौरे पर आए थे, उस समय उन्होंने विधायक आशीष शर्मा के घर जाकर मुलाकात की थी। उनके अनुसार उस दौरान दोनों पक्षों के बीच संबंध सामान्य थे और किसी तरह का विवाद सामने नहीं आया था।
पठानिया ने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से खनन गतिविधियों पर सख्ती किए जाने के बाद कुछ लोगों के रुख में बदलाव आया।उन्होंने कहा कि प्रदेश में चल रहे विकास कार्यों को लेकर भी भाजपा नेताओं की ओर से अनावश्यक सवाल उठाए जा रहे हैं। हमीरपुर में निर्माणाधीन बस अड्डे के मुद्दे पर हो रही बयानबाजी का जिक्र करते हुए पठानिया ने कहा कि विकास कार्यों में बाधा डालने के बजाय नेताओं को यह बताना चाहिए कि उन्होंने अपने कार्यकाल में क्षेत्र और प्रदेश के लिए क्या योगदान दिया।मुख्यमंत्री कार्यालय को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर पठानिया ने कहा कि मौजूदा कार्यालय पुरानी व्यवस्था के दौर में निर्मित हुआ था। उस समय की आबादी और वर्तमान जनसंख्या में काफी अंतर है। उन्होंने कहा कि समय के साथ बढ़ती प्रशासनिक जरूरतों के अनुसार सुविधाओं का विस्तार स्वाभाविक प्रक्रिया है, लेकिन भाजपा नेताओं की ओर से इसे भी राजनीतिक मुद्दा बनाने का प्रयास किया जा रहा है।पठानिया ने राजेंद्र राणा और आशीष शर्मा से हमीरपुर तथा हिमाचल के विकास में उनके योगदान का हिसाब जनता के सामने रखने को कहा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार को अस्थिर करने के प्रयासों में भी कुछ नेता शामिल रहे हैं।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू अपने तरीके से काम कर रहे हैं और प्रदेश के हित में निर्णय ले रहे हैं। पठानिया ने आरोप लगाया कि यदि सरकार खनन गतिविधियों पर सख्ती नहीं करती, तो शायद आज आलोचना करने वाले नेता मुख्यमंत्री के साथ खड़े नजर आते।

