शिमला-: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के उपलक्ष्य में 2 अक्टूबर को शिमला में प्रभात फेरी आयोजित की जाएगी। कार्यक्रम को लेकर उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप की अध्यक्षता में बैठक आयोजित कर तैयारियों की समीक्षा की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और आयोजन को सफल बनाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की।प्रभात फेरी सुबह 6 बजे लाल बहादुर शास्त्री चौक स्थित केंद्रीय तारघर से शुरू होगी। यह लोअर बाजार से होते हुए शेर-ए-पंजाब रेस्टोरेंट मार्ग से रिज मैदान पहुंचेगी, जहां महात्मा गांधी की प्रतिमा के समीप कार्यक्रम का समापन किया जाएगा।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को यातायात, सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांधी जयंती केवल स्मरण का अवसर नहीं, बल्कि उनके सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, सद्भाव और राष्ट्रसेवा के विचारों को जीवन में अपनाने का दिन भी है।प्रभात फेरी में विभिन्न सरकारी विभागों, शिक्षण संस्थानों, सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। आयोजन के दौरान गांधी जी के प्रिय भजनों और देशभक्ति गीतों के माध्यम से उनके विचारों को लोगों तक पहुंचाया जाएगा।उपायुक्त ने जिला वासियों से प्रभात फेरी में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देने तथा उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लेने की अपील की।बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी कानून एवं व्यवस्था पंकज शर्मा, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी प्रोटोकॉल ज्ञान सागर नेगी, एसडीएम शहरी सन्नी शर्मा, डीएसपी हेडक्वार्टर विक्रम चौहान, जिला भाषा अधिकारी सरोजना नरवाल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

