भावना,शिमला: शिमला का रिज मैदान हिमाचल के नए मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह के लिए पूरी तरह से सज चुका है। रिज मैदान पर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से लोग भी शपथ ग्रहण समारोह में भाग लेने के लिए पहुंच चुके हैं।

जगह-जगह से लोग वाद्य यंत्र लेकर इस समारोह में शामिल हुए हैं और वाद्य यंत्र की धुनों से ऐतिहासिक रिज मैदान गूंज रहा है। दोपहर 1:30 पर रिज मैदान के टका बैंच पर प्रदेश के 15 वें मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ ही उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री शपथ ग्रहण करेंगे।

बताया जा रहा हैं कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ओर राहुल गांधी भी इस शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगें। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के समर्थक रिज मैदान पर पहुंच चुके है। समर्थक यहां वाद्य यंत्रों की धुनों पर नाच गाकर खुशी मना रहे हैं।

