हमीरपुर, अरविंद -:हमीरपुर जिले की नंदन ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाले बल्ह क्षेत्र में सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों की समस्याएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। बताया जा रहा है कि मार्ग के एक हिस्से में टिप्परों से मिट्टी डालकर ऊंचा ढेर बना दिया गया है, जिससे रास्ता पूरी तरह बाधित हो गया है। करीब 500 मीटर लंबे इस हिस्से में स्थिति इतनी खराब है कि कई ग्रामीणों के वाहन बीच रास्ते में ही फंस गए हैं और आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है।
इस समस्या से परेशान ग्रामीण गुरुवार को उपायुक्त कार्यालय हमीरपुर पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज करवाई। बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष एकत्रित होकर प्रशासन से मिले और ज्ञापन सौंपते हुए जल्द से जल्द रास्ता खुलवाने की मांग की। उनका कहना है कि यह मार्ग गांव के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसके बंद होने से दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।ग्रामीणों ने बताया कि खेती-बाड़ी का काम भी ठप पड़ गया है। खासकर गेहूं की थ्रेसिंग नहीं हो पा रही है, क्योंकि थ्रेसर मशीन गांव तक नहीं पहुंच पा रही। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, स्कूल, बाजार और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए भी लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।मामले में विवाद भी सामने आया है। हरिजन बस्ती के कुछ लोगों का दावा है कि सड़क निर्माण के दौरान उनकी जमीन का उपयोग किया गया, लेकिन उन्हें कोई लाभ नहीं मिला। वहीं, अन्य ग्रामीणों का कहना है कि जमीन दान में दी गई थी और इसमें बस्ती की भूमि शामिल नहीं है।ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और जल्द मार्ग बहाल करने की मांग की है।
