Chamba, Manjur Pathan-पर्यटन सीजन की दस्तक के साथ ही साच पास की ओर जाने वाले मार्गों को बेहतर बनाने का कार्य भी तेज़ी पकड़ चुका है। चंबा-तीसा-साच पास मार्ग पर पीडब्ल्यूडी विभाग ने सड़क मरम्मत और टायरिंग का कार्य जोरों पर शुरू कर दिया है। एनुअल मेंटीनेंस प्लान के तहत इस मार्ग पर आठ किलोमीटर सड़क पर तारकोल बिछाया जा रहा है, जिससे पर्यटकों और आम नागरिकों को बेहतर और सुगम सफर मिल सके।
हर साल लाखों की संख्या में साच पास पहुंचते है सैलानी
हर वर्ष लाखों की संख्या में सैलानी साच पास और पधरी जोत की ओर रुख करते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए लोक निर्माण विभाग (PWD) ने इस बार समय से पहले ही सड़कों को दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी है। विभाग के अनुसार अब तक 80 प्रतिशत कार्य पूर्ण किया जा चुका है। अधिकारियों का कहना है कि शेष कार्य भी जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा, जिससे पर्यटक बिना किसी असुविधा के इन खूबसूरत स्थलों का आनंद ले सकें।
“एनुअल मेंटीनेंस प्लान के तहत आठ किलोमीटर सड़क की मरम्मत और टायरिंग का कार्य स्वीकृत हुआ था। अब तक करीब 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। साच पास और पधरी जोत की ओर पर्यटकों की आवाजाही अधिक होती है, इसलिए हम पूरी कोशिश कर रहे हैं कि यह मार्ग पूरी तरह से सुरक्षित और आरामदायक बन सके।”
