राहुल चावला,धर्मशाला: जिला कांगड़ा में अब बिना नंबर के दोपहिया वाहन चलाने वालों की खैर नहीं हैं। यह वाहन चाहे खड़े जो या इन्हें कोई चला रहा हो,ऐसे वाहनों को पुलिस जब्त करेगी। जिला पुलिस ने सुरक्षित हूं मैं, अभियान के तहत नई मुहिम शुरू की हैं। सड़क सुरक्षा को लेकर जिला पुलिस गंभीरता से प्रयास कर रही हैं। इसी कड़ी में सुरक्षित हूं मैं अभियान शुरू किया गया हैं।
अभियान के तहत पहले वाहन चालकों को हेल्मेट पहनकर दोपहिया वाहन चलाने और उसके बाद चौपहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट लगाकर राइडिंग बारे जागरूक किया गया। यातायात नियमों की पूरी तरह से अनुपालना सुनिश्चित हो, इसमें आम जन की भागीदारी सुनिश्चित करने हेतू चालान की कार्रवाई के साथ पुलिस ने चालकों को जागरूक भी किया।
बता दें कि जिला में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए जिला पुलिस प्रयासरत हैं। उसी कड़ी में अलग-अलग मुहिम शुरू की जा रही हैं। कई बार देखा जाता है कि बिना नंबर के दोपहिया वाहन दौड़ाने वाले चालक राहगीरों को टक्कर मारकर या दुर्घटना करके फरार हो जाते हैं। ऐसे कई मामले सामने आ चुके हैं। जिला पुलिस की ओर से इसी के मद्देनजर अब बिना नंबर के दोपहिया वाहनों जैसे कि बाइक, स्कूटी को जब्त करने की मुहिम शुरू कर दी है।
एएसपी, जिला कांगड़ा हितेश लखनपाल ने बताया कि सुरक्षित हूं मैं अभियान के तहत जिला पुलिस ने एक नई मुहिम शुरू की है। जिसके तहत बिना नंबर प्लेट की बाइक, स्कूटी यदि खड़ी हुई भी पाई जाती है, तो उसे जब्त कर लिया जाएगा। पिछले वर्ष भी सड़क दुर्घटनाओं में 80 से अधिक लोगों की मौत हुई थी। सड़क पर नागरिकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस गंभीर हैं।
बिना हेल्मेट तेज रफ्तार वाहन दौड़ाते हैं युवा
कई बार युवा दोपहिया वाहनों को तेज रफ्तार और बिना हेल्मेट के दौड़ाते देखे जा सकते हैं। ऐसे में दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती हैं। युवाओं को यह लगता है कि बिना नंबर के वाहन का पुलिस कैसे चालान करेगी, इसी को ध्यान में रखते हुए अब पुलिस ने बिना नंबर के दोपहिया वाहनों को सीधे जब्त करने की मुहिम शुरू की है।
