मंजूर पठान,शिमला: प्रदेश चुनावी माहौल में पूरी तरह से रंग चुका है और लगातार जिन विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों की घोषणा हो चुकी है वह अपना नामांकन दर्ज करवाने में जुट चुके हैं। वहीं शुक्रवार को डलहौजी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस पार्टी की वरिष्ठ नेत्री और 6 बार की विधायिका आशा कुमारी ने अपना नामांकन सलूणी एसडीएम कार्यालय में अपने समर्थकों के साथ भरा। आशा कुमारी जैसे ही सलूणी पहुंची यहां पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत उनका किया और कहा कि इस बार सरकार बदलेगी।
आशा कुमारी ने नामांकन भरने के बाद सलूणी में एक जनसभा को भी संबोधित किया और कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर जोश भरा। आशा कुमारी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि इस बार हिमाचल प्रदेश में रिवाज नहीं बल्कि सरकार बदलेगी। उन्होंने बताया कि जिस तरह से महंगाई, बेरोजगारी बढ़ रही है तो उससे लोगों में काफी मायूसी है। उन्होंने कहा की हिमाचल प्रदेश को काफी उम्मीदें है की हिमाचल में सरकार बदलेगी।
आशा कुमारी ने दावा किया है कि 2022 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पार्टी दो तिहाई बहुमत के साथ सत्ता हासिल करेगी और सरकार बनने के 10 दिनों के भीतर ओल्ड पेंशन स्कीम को लागू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी हमारी सरकारों ने राज्यस्थान और छत्तीसगढ़ के अलावा झारखंड में भी इसे लागू किया है।
वहीं दूसरी ओर नामांकन भरने के बाद आशा कुमारी ने कहा की लोगों का जन सैलाब कांग्रेस के साथ है। उन्होंने कहा की कांग्रेस पार्टी की प्रचंड बहुमत से सरकार बनेगी और वह ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करेंगे तो युवाओं को रोजगार भी मुहैया करवाएंगे।
