बिलासपुर : सुभाष ठाकुर- पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रामलाल ठाकुर ने कहा है कि भाजपा नेता अपनी भाषा पर संयम रखें। सीएम और उनके परिवार के खिलाफ इस तरह कि अशोभनीय भाषा का प्रयोग नहीं करना चाहिए।
बिलासपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में रामलाल ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन हुआ है। वहीं, भाजपा नेता हाथ से सत्ता छिटकने के बाद बौखलाए हुए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले कांग्रेस ने जहां चुनावी वायदे किए थे। उन्हें अमलीजामा पहनाने के लिए सरकार कार्य कर रही है।
रामलाल ठाकुर ने कहा कि पूर्व भाजपा सरकार ने प्रदेश को कर्जे के तले दबा दिया। एक ओर जहां पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर डबल इंजन की सरकार के दावे करते थे। वहीं, डबल इंजन कि सरकार होने के बाद भी पूर्व भाजपा सरकार ने 36 हजार करोड़ कर्ज ले लिया। हालांकि इससे पहले भी प्रदेश में कर्ज था। लेकिन जितना पहले के सभी मुख्यमंत्रियों ने कर्जा लिया, उन सब को पीछे छोड़ते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने अकेले ही 36 हजार करोड़ कर्जा लिया। पूर्व में कांग्रेस सरकार पर कर्जा लेने को लेकर भाजपा नेता हल्ला करते थे। लेकिन अपने कार्यकाल में भाजपा नेताओं के मुंह पर ताले लग गए थे।
