विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला की चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के तहत सीनियर सेकेंडरी स्कूल गिंडपुर मलौन मे शनिवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में चिंतपूर्णी क्षेत्र के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित हुए। इससे पहले ग्राम पंचायत, स्कूल स्टॉफ ओर स्थानीय लोगों ने विधायक के गिंडपुर स्कूल में पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया।
स्कूल के छात्र-छात्राओं ने इस अवसर पर रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किया जिसमें पहाड़ी संगीत नाटी, समूह गान, पंजाबी भांगड़ा, देशभक्ति के गीत प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। अपने संबोधन में विधायक सुदर्शन बबलू ने कहा कि बच्चों के माता पिता का दायित्व बनता है कि अपने बच्चों को अच्छे संस्कार दें। उन्होंने कहा कि बच्चों को मोबाइल से दूर रहना चाहिए क्योंकि मोबाइल आज की जरूरत भी है और इसका सही इस्तेमाल होना चाहिए। इसमें बहुत कुछ अच्छा भी है तो बुरा भी बहुत कुछ हैं। ऐसे में बच्चों को मोबाइल का प्रयोग नहीं करना चाहिए।
सुदर्शन बबलू ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। अपना जीवन, भविष्य उज्जवल बनाने के लिए बच्चों को प्रयास करना चाहिए। इस अवसर पर प्रधानाचार्य दिनेश कौंडल ने स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पढ़ी। इस मौके पर गिंडपुर के निवासी इंद्रजीत,भानु प्रताप सिंह, ओंकार सिंह ने स्कूल में एक कमरा बनाने की घोषणा की। इसी के साथ विधायक सुदर्शन बबलू ने भी स्कूल में एक कमरा बनाने की घोषणा की।
सुदर्शन बबलू ने गिंडपुर मलौन वॉटर सप्लाई स्कीम को अपग्रेड करने का भी आश्वासन दिया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत प्रधान मीनाक्षी,उप प्रधान हरदेव, रिटायर्ड अध्यापक केवल कुमार,राकेश कुमार, वीरेंद्र कुमार, देशराज के अलावा अन्य स्कूल स्टाफ सहित बच्चों के अभिभावक कार्यक्रम में उपस्थित हुए।
