बद्दी : जगत सिंह – बद्दी के तहत बसंती बाग के बीच सड़क में सीवरेज की पाइप लाइन कई दिनों से लीक हो रही है। भारी मात्रा में सीवरेज का गंदा बदबूदार पानी सड़क के बीच आ रहा है । जिसके कारण लोगों को यहां से गुजरने के लिए खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को पैदल तक चलने में काफी दिक्कत आ रही है। पूरी सड़क में सीवरेज का ही गंदा पानी दिखाई दे रहा है और यहां पर लोगों में बीमारी फैलने का भी खतरा बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दिन पहले इस सीवरेज लाइन की पाइप लीक हो गई थी और सीवरेज का पानी सड़क पर ही आ रहा है। जिसको लेकर लोगों में खासा रोष है । उन्होंने कहा कि स्थानीय प्रशासन से कई बार शिकायतें की गई, लेकिन किसी ने भी इसकी ओर ध्यान नहीं दिया है । आलम यह है कि अब लोगों को इसके कारण खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क हादसे भी सीवरेज पाइप लाइन लीक के कारण बढ़ रहे हैं और गंदे और बदबूदार सीवरेज के पानी के कारण बीमारी फैलने का भी खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने जल्द सरकार व प्रशासन से इस सीवरेज लाइन की पाइप लाइन की रिपेयर करवाने की मांग उठाई है।
