Shimla, Sanju-:शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की सुन्नी-लुहरी सड़क एक महीने से जर्जर हालत में होने के कारण जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भाजपा प्रदेश मीडिया सह-संयोजक प्यार सिंह कंवर ने सड़क की बदहाली पर प्रदेश सरकार और लोक निर्माण मंत्री पर जोरदार हमला बोला है।
कंवर ने कहा कि सड़क इतनी खराब हो चुकी है कि वाहन पार भी नहीं कर पा रहे हैं और लोग पैदल आने-जाने में भी असमर्थ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार और विभाग ने एक महीने पहले सड़क सुधार का वादा किया था, लेकिन अब तक कोई कार्य नहीं हुआ।भाजपा नेता ने कहा कि यह “चिराग तले अंधेरा” का उदाहरण है, जब मंत्री अपने ही विधानसभा क्षेत्र की सड़कों को ठीक नहीं करवा सकते, तो पूरे प्रदेश का विकास कैसे संभालेंगे। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर केवल घोषणाओं और भाषणों तक सीमित रहने का आरोप लगाया।प्यार सिंह कंवर ने सरकार से तुरंत सड़क को युद्धस्तर पर बहाल करने, वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने और जनता को राहत देने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि लापरवाही जारी रही तो भाजपा सड़क से सदन तक संघर्ष करने से पीछे नहीं हटेगी।
