संजु चौधरी, शिमला: 27 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ होने वाली परीक्षा पे चर्चा में राजधानी शिमला के दसवीं कक्षा के 2 छात्र भी भाग लेंगे। छात्र इस बात को लेकर खासे उत्साहित हैं और इस चर्चा के दौरान उन्हें प्रधानमंत्री से क्या सवाल पूछने हैं इसे लेकर भी उनकी तैयारी चल रही हैं। शिमला के दयानंद पब्लिक स्कूल के शौर्य वालिया और कान्वेंट ऑफ जीजस एंड मैरी की छात्रा सना धर्मा का चयन परीक्षा पर चर्चा के लिए हुआ हैं।
शौर्य वालिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने को लेकर उत्साहित हैं। प्रदेश से इन दोनों का इस कार्यक्रम के लिए चुना गया हैं। दयानंद पब्लिक स्कूल के दसवीं के छात्र शौर्य वालिया 24 जनवरी को दिल्ली के लिए रवाना होंगे। 27 जनवरी को प्रधानमंत्री के साथ परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
शौर्य वालिया ने कहा कि यह उनके लिए प्रधानमंत्री से सीधे मुलाकात करने का स्वर्णिम मौका हैं। वह इसके लिए बहुत उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि दिसंबर माह में ऑनलाइन सेव इन्वायरनमेंट फ़ॉर फ्यूचर जेनरेशन विषय पर निबंध लिखकर भेजा था,जिसके लिए उनका चयन हुआ हैं । इस विषय को चुनने का ख्याल उन्हें पर्यावरण में हो रहे बदलाव को देखकर आया, जिस प्रकार ग्लोबल वार्मिंग के कारण बर्फबारी कम हो रही हैं साथ ही नदियों का जलस्तर भी बढ़ रहा हैं। भविष्य को लेकर उन्होंने इस विषय का चयन किया हैं।
शौर्य ने बताया कि अभी वह प्रधानमंत्री के साथ वार्तालाप के लिए तैयारी कर रहें हैं प्रश्न तैयार नहीं किए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें प्रधानमंत्री से मिलने की बहुत खुशी हैं।
