बीबीएन : जगत सिंह- बीते दिनों नालागढ़ के बघेरी के पास अल्ट्राटेक फैक्ट्री के साथ नाले मेंं संदिग्ध परिस्थितियों में मिले ट्रक चालक के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि युवक की मौत गला घोंटकर की गई थी और हत्या के बाद आरोपी द्वारा मृतक अनिल कुमार को उसी के ट्रक के साथ झाड़ियों में फेंक दिया गया था । फिलहाल पुलिस ने मामले में पंजाब के किरतपुर साहिब से एक जसवीर सिंह उर्फ हनी को गिरफ्तार किया है और पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है । पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करके आगामी जांच शुरू कर दी है।
किरतपुर साहिब से आरोपी युवक को किया गिरफ्तार
बता दें कि मृतक अनिल कुमार बागा से गाड़ी भरकर अल्ट्राट्रेक फैक्ट्री में खाली करने के लिए आया था और उसका शव अल्ट्राट्रेक फैक्ट्री के पास संदिग्ध हालत में मिला था। जिसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाया और पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि मृतक की मौत नेचुरल नहीं बल्कि उसकी हत्या गला घोट कर की गई थी जिसको लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है। आपको बता दें कि पुलिस के अनुसार पुरानी रंजिश के चलते आरोपी युवक द्वारा मृतक की हत्या की गई थी।
इस बारे मे डीएसपी नालागढ़ मानवेंद्र ठाकुर ने कहा है कि अनिल कुमार की मौत गला घोट कर की गई थी और इसका खुलासा पोस्टमार्टम की रिपोर्ट में हुआ है । उन्होंने कहा कि मामले में एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और पूछताछ के दौरान उन्हें और भी खुलासे होने की उम्मीद है।
