बिलासपुर :सुभाष ठाकुर – शक्तिपीठ श्री नैना देवी में आज झंडा चढ़ाने की रस्म और सुबह की आरती के साथ श्रावण अष्टमी मेला धूम-धाम के साथ शुरू हो गया ।17 अगस्त से शुरू हुआ यह मेला 10 दिन तक चलेगा, जिसमें लाखोंं की संख्या में श्रद्धालु माताजी के दर्शनों के लिए पहुंचेगे ।
श्री नैना देवी के मंदिर की सजावट इस बार भी पंजाब की समाजसेवी संस्थाओं ने बखूबी की है और मंदिर पंजाब के कारीगरों के द्वारा बहुत ही बढ़िया तरीके से सजाया गया है । श्री नैना देवी में दूर-दूर तक मंदिर की सजावट का प्राकृतिक नजारा देखते ही बनता है। मेले के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस और प्रशासन ने हिमाचल प्रदेश सरकार के दिशा निर्देशों के अनुसार तैयारी पूरी कर ली है और चप्पे चप्पे पर पुलिस का पहरा है ।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए श्री नैना देवी क्षेत्र में लगभग 60 के करीब लंगर लगाए गए हैं । जहां पर श्रद्धालुओं को सुबह का नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात्रि भोजन की व्यवस्था की गई है ।
एनडीआरएफ और क्यूआरटी की टीमें तैनात
मेला पुलिस अधिकारी शिव चौधरी का कहना है कि मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस बल पर्याप्त संख्या में तैनात कर दिया गया है । उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एनडीआरएफ और क्यूआरटी की टीमें अलग से तैनात की गई है ।वहीं मंदिर न्यास के अध्यक्ष धर्मपाल ने कहा कि माताजी के दरबार में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जिला प्रशासन और मंदिर न्यास पूरी तरह से कृत संकल्प है । श्रद्धालुओं को हर तरह की सुविधाएं प्राप्त हो, इसके लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है । मेला के दौरान पीने के पानी, बिजली, चिकित्सा सुविधा, परिवहन और लगरों की व्यापक व्यवस्था की गई है ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना ना करना पड़े ।
