Chintpurni, 3 August-विश्वप्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी में 25 जुलाई से 3 अगस्त तक आयोजित श्रावण अष्टमी मेला शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। इस दौरान लगभग छह लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने मां की पावन पिंडी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
व्यवस्थाओं की सराहना
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर प्रशासन और जिला प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए। भीड़ और सीमित संसाधनों के बावजूद सुविधाएं सुचारु रहीं। मेला आयोजन में मंदिर आयुक्त एवं डीसी ऊना जतिन लाल, एडीएम महेंद्र गुर्जर, एसडीएम अंब सचिन शर्मा, मंदिर अधिकारी अजय मड़ियाल, सुरक्षा अधिकारी कर्नल मनीष धीमान, पुलिस व अन्य विभागों की टीमों ने मिलकर अहम भूमिका निभाई।
आस्था और चढ़ावा
मेला के दौरान लाखों श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर अपनी मनोकामनाएं पूरी होने की कामना की। 25 जुलाई से 1 अगस्त तक मंदिर न्यास को 1 करोड़ 42 लाख 84 हजार 862 रुपये चढ़ावे के रूप में प्राप्त हुए, साथ ही विदेश से आए श्रद्धालुओं ने विदेशी मुद्रा भी अर्पित की।
