राहुल चावला , धर्मशाला: जोनल अस्पताल धर्मशाला में जल्द ही फायर और इमरजेंसी सेवाओंं का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इसके लिए स्मार्ट सिटी के तहत 1.01 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से 27 लाख रुपये की लागत से एक लाख लीटर क्षमता के अंडरग्राउंड टैंक का निर्माण किया जाएगा। इमरजेंसी सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के लिए 74 लाख रुपए व्यय किए जाएंगे, जिसके तहत विभिन्न चिकित्सा उपकरण अस्पताल में शामिल होंगे।
अस्पताल प्रशासन ने बताया की स्मार्ट सिटी से मिली राशि से डेफिब्रिलेटर, एईडी ईएलजी मशीन, कॉर्डिक मॉनिटर, ऑपरेशन थियेटर टेबलस एंड लाइटस सहित अन्य उपकरण खरीदने की प्रक्रिया जीईएम पोर्टल पर शुरू कर दी गई है।
जोनल अस्पताल धर्मशाला के सीनियर मेडिकल सुपरीटेंडेंट डॉ. राजेश गुलेरी ने बताया कि अस्पताल की ओर से एक प्रपोजल स्मार्ट सिटी को भेजा गया था, जिसे अनुमोदित कर 1 करोड़ 1 लाख रुपए की राशि जारी की गई है। फायर फाइटिंग के लिए अंडरग्राउंड वाटर टैंक का निर्माण जल शक्ति विभाग की ओर से किया जाएगा। इस राशि से अस्पताल में एमरजेंसी सहित ट्रामा सुविधाएं सुदृढ़ होंगी। फायर फाइटिंग व फायर वॉर्निंग अलार्म के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत 1.48 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत है। इसके लिए लोनिवि की इलेक्ट्रिकल विंग द्वारा 2 प्रपोजल तैयार कर दिए गए हैं, जबकि 2 प्रपोजल बनाए जाने अभी शेष है।
