सोलन/योगेश शर्मा: केंद्रीय महिला बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी आज हिमाचल दौरे पर है, वहीं कांग्रेस हिमाचल आने पर लगातार उनका विरोध कर रही है। सोलन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवकुमार ने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में 10 साल पहले जब स्मृति ईरानी हिमाचल आती थी तो बढ़ती महंगाई को लेकर हो हल्ला करती थी, सड़कों पर सिलेंडर रखकर बड़े-बड़े धरना-प्रदर्शन किया करती थी लेकिन आज जब बढ़ती महंगाई से पूरे देश में हाहाकार मची हुई है तो वह कुछ भी बोलने के लिए तैयार नहीं है।
जिलाध्यक्ष शिवकुमार ने कहा कि खाद्य पदार्थों के दाम आज आम आदमी की पहुंच से बाहर है। गैस सिलेंडर के दाम ₹400 से बढ़कर 1000 रुपए के पार पहुंच चुके हैं , लेकिन फिर भी भाजपा के लोग कुछ भी कहने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि आज केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी हिमाचल के रामपुर पहुंची है। ऐसे में उनका वहां पर भी कांग्रेस द्वारा विरोध किया गया है। उन्होंने कहा कि अगर वे सोलन आती है तो भी उनका यहां पर भी विरोध किया जाएगा।
पांच साल हवाई यात्रा करते रहे सूबे के मुख्यमंत्री, सड़को की तरफ नहीं दिया ध्यान
कांग्रेस जिला अध्यक्ष शिव कुमार ने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार प्रदेश की जनता को अंतिम वर्षों में झूठी घोषणाएं कर अपनी ओर आकर्षित करना चाहती है। उन्होंने कहा कि जयराम सरकार का कार्यकाल अब तक के मुख्यमंत्री के कार्यकाल में सबसे विफल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री लोक निर्माण मंत्री भी हैं , वो ऐसे मंत्री है जो 5 सालों से सड़क पर नहीं उतरे हैं।
स्वास्थ्य मंत्री के गृह क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं बदहाल
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने जिला सोलन में बदहाल स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि सूबे के स्वास्थ्य मंत्री सोलन जिला से संबंध रखते हैं , लेकिन उनके ही गृह क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाएं बदहाल है। लोगों को टेस्ट करवाने के लिए शिमला या अन्य अस्पतालों का रुख करना पड़ रहा है। शिवकुमार ने कहा कि आने वाले समय में इन सब बातों का जवाब प्रदेश की जनता भाजपा सरकार को देने वाली है।
