सोलन :योगेश शर्मा (TSN)-क्षेत्रीय अस्पताल में अब फिर से 16 घंटे पीएसए प्लांट चलने वाला है,इसके लिए अस्पताल प्रशासन की ओर से दोनों प्लांट कर्मियों को निर्देश जारी कर दिए हैं ।तकनीकी कर्मचारियों की तैनाती के बाद से अब अस्पताल में प्लांट चल रहा है। इससे पहले तकनीकी कर्मचारियों को निकालने के बाद से करीब तीन माह से पीएसए प्लांट बंद पड़ा था।
प्लांट के 16 घंटे चलने के बाद मरीजों के साथ-साथ अस्पताल प्रशासन को भी फायदा हो गया है ।अस्पताल प्रशासन का सिलिंडरों को भरवाने का जहां खर्च कम हो जाएगा। वहीं मरीजों के साथ आए तीमारदारों को ऑक्सीजन सिलिंडरो को ढोने से भी राहत मिल जाएगी।
एमएस डॉ एसएल वर्मा ने दी ये जानकारी
क्षेत्रीय अस्पताल सोलन के एमएस डॉ एसएल वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में पिछले काफी समय से प्लांट बंद होने की वजह से ऑक्सीजन सिलेंडर उन्हें भरवा कर लाने पड़ रहे थे । जिस कारण अस्पताल प्रशासन पर भी इसका अतिरिक्त बोझ पढ़ रहा था, लेकिन अब प्लांट ठीक हो चुका है और 16 घंटे ऑक्सीजन की सप्लाई अस्पताल प्लांट से हो पाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्रीय अस्पताल सोलन में 200 बेड पर लोगों को ऑक्सीजन की सुविधा मिल पा रही है ।वही अस्पताल प्रबंधन लगातार अस्पताल में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए कार्य कर रहा है।
