चंबा (मंजूर पठान): विश्व विख्यात चंबा रुमाल जल्द ही साउथ अफ्रीका में महात्मा गांधी के उस घर में देखने को मिलेगा। जहां पर महात्मा गांधी ने दिन बिताए थे। उनके उस घर को म्यूजियम में तब्दील किया गया है। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर वाला चंबा रुमाल जल्द भारतीय एंबेसी के माध्यम से साउथ अफ्रीका में देखने को मिलेगा। चंबा शहर की एक संस्था की ओर से महात्मा गांधी की तस्वीर वाला चंबा रुमल तैयार किया गया है। इसे पहली बार राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के जन्मदिन के मौके पर साउथ अफ्रीका में भेजा जाएगा और इसको लेकर चंबा की नोट ऑन मैप संस्था बेहतरीन प्रयास कर रही है।
चंबा रुमाल पर पहले कई तरह की कलाकृतियां बनाई जाती थी लेकिन यह पहला मौका है जब राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर वाला रुमाल बनाया गया है। उस रुमाल पर महात्मा गांधी की तस्वीर अंकित की गई है। संस्था के इस प्रयास के लिए जिला प्रशासन ने भी उनकी हौसला अफजाई और तारीफ की है।संस्था की ओर से इस रुमाल को तैयार करने में काफी समय लग गया है। महिलाओं का एक समूह है जो पिछले काफी दिनों से इस रुमाल पर महात्मा गांधी की तस्वीर बना रहा था। बता दें कि चंबा रुमाल का कठिन कार्य है क्योंकि इस पर मखमली धागों से बड़ी बारीकी के साथ कार्य करना पड़ता है और एक रुमाल बनाने में काफी दिन लग जाते है।
चंबा के डीसी दुनीचंद राणा ने जानकारी देते हुए बताया है कि चंबा रुमाल जिस पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की तस्वीर तैयार की गई है इस रुमाल को साउथ अफ्रीका भारतीय एंबेसी के माध्यम से भेजा जाएगा। राष्ट्रपिता के जन्मदिन के मौके पर इसे लांच किया जाएगा क्योंकि जिस मकान को साउथ अफ्रीका में महात्मा गांधी का म्यूजियम बनाया गया है उस म्यूजियम में इस रुमाल को रखा जाएगा जो अपने आप में गर्व की बात है। उन्होंने बताया कि चंबा की एक संस्था इस रुमाल को तैयार कर रही है और इसके अलावा इस आइडिया को चंबा की एक अन्य संस्था नोट ऑन मैप ने शेयर किया था इसके बाद इस पर कार्य करना शुरू हुआ। जल्द ही साउथ अफ्रीका में भी चंबा रुमाल देखने को मिलेगा।
