अरविंदर सिंह,हमीरपुर : प्रदेश में डिपो संचालकों की 20 हज़ार मासिक वेतन देने, वन टाइम लाइसेंस की व्यवस्था करने, एपी एलटी राशन कार्ड धारकों को भी एपीएल की तर्ज पर राशन देने ओर अन्य मांगों को लेकर अब प्रदेश डिपो संचालक संघ मुख्यमंत्री के समक्ष जाएगा। धर्मशाला में चल रहे विधानसभा सत्र के दौरान डिपो संचालकों ने मुख्यमंत्री से मिलने की रणनीति तैयार की हैं। संघ अपनी लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मुलाकात कर मांगों को उनके समक्ष रखेंगे।
डिपो संचालक लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर संघर्ष करते आ रहे हैं। मांगे ना माने जाने की सूरत में अब नवनियुक्त मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के साथ मिलकर वेतन विसंगति सहित अन्य मुद्दों को हल करने का प्रयास संघ की ओर से किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश डिपो संचालक संघ के अध्यक्ष अशोक कवि ने कहा कि धर्मशाला में मुख्यमंत्री ओर उपमुख्यमंत्री से डिपो संचालक मिलेंगे। उन्होंने कहा कि डिपो संचालकों की मांगों में 20 हजार मासिक वेतन देना, वन टाइम लाइसेंस की व्यवस्था करना, एपी एलटी राशन कार्ड धारकों को भी एपीएल की तर्ज पर राशन देने जैसे मुद्दों को कांग्रेस पार्टी के चुनावी घोषणा पत्र में शामिल करने के लिए उनका धन्यवाद किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के डिपो संचालक इन मांगों को प्राथमिकता के आधार पर हल करवाने का आग्रह करेंगे। उन्होंने कहा कि सिविल सप्लाई कॉरपोरेशन के कई गोदामों में मशीनें नहीं हैं। सिविल सप्लाई कॉरपोरेशन के 90 फ़ीसदी गोदामों से बिना तोले राशन डिपो संचालकों को दिया जा रहा। ऐसे में डिपो संचालकों को कम गेहूं ओर चावल मिल रहा है जिस कारण भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा हैं। उन्होंने बताया कि ऐसी ही कई और भी विसंगतियां है जिन्हें दूर करने का आग्रह सरकार से किया जाएगा।
