संजु चौधरी, शिमला: शिमला में वक्फ बोर्ड के स्टेट ऑफिसर मोहम्मद सादिक को रिश्वत लेते हुए विजिलेंस की टीम ने रंगे हाथों पकड़ा हैं। गुरुवार को विजिलेंस की टीम ने डीसी ऑफिस में रेड की उस समय ऑफिसर सादिक कुछ लोगों से वक्फ बोर्ड की प्रॉपर्टी को रिन्यू करने के लिए एक लाख रुपए रिश्वत ले रहा था। पीड़ित लोगों ने इसकी शिकायत विजिलेंस को की थी विजिलेंस की टीम दोपहर बाद डीसी ऑफिस पहुंची और आरोपी को रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा।
विजिलेंस के अधिकारियों ने उक्त आरोपी से पूछताछ के लिए डीसी ऑफिस का कमरा नंबर 408 हायर किया। यहां पर आरोपी से पूछताछ चल रही हैं। फिलहाल विजिलेंस इस बात की जानकारी जुटाने में जुटी है कि वह पहले भी इस मामले में संलिप्त था या नहीं। वहीं विजिलेंस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है कि वह किस-किस से पैसे ले रहा था। इसकी एक सूची तैयार की जाएगी। वहीं इस संबंध में डीसी शिमला आदित्य नेगी को भी सूचना दी जाएगी। प्रॉपर्टी रिन्युअल से जुड़े दस्तावेज भी विजिलेंस ने कब्जे में लिए हैं।
