राहुल चावला,धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित की जाने वाली सात विषयों की अध्यापक पात्रता परीक्षा (टेट) में 37,483 अभ्यर्थी बैठेंगे। स्कूल शिक्षा बोर्ड ने आधे अधूरे भरे गए 2,033 आवेदनों को रद्द कर दिया हैं। स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. विशाल शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड ने टेट जून-2023 के लिए सात विषयों टीजीटी आर्ट्स, कॉमर्स, मेडिकल, नॉन मेडिकल, भाषा अध्यापक, शास्त्री, पंजाबी और उर्दू विषय के लिए ऑनलाइन माध्यम से 9 मई से 31 मई तक आवेदन मांगे थे।
बोर्ड के पास 39,516 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें से 37,483 आवेदन पत्र परीक्षा शुल्क सहित प्राप्त हुए हैं जबकि 2,033 आवेदन बोर्ड ने रद्द कर दिया हैं। उन्होंने कहा कि जिन अभ्यर्थियों ने निर्धारित तिथि के दौरान फीस जमा करवाई है और उनका नाम रद्द सूची में हैं, तो ऐसे अभ्यर्थी संबंधित दस्तावेज बोर्ड कार्यालय में 7 जून तक अतिरिक्त समय दिया हैं। डॉ. विशाल शर्मा ने कहा कि एचपी टेट जून 2023 परीक्षा 18 जून से 2 जुलाई तक आयोजित की जाएगी।
