Shimla, Sanju (TSN)-राजधानी शिमला में MTB द्वारा आयोजित साइकिलिंग प्रतियोगिता के 12वें संस्करण का शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रिज मैदान से हरी झंडी दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को हरित राज्य के रूप में विकसित करने की दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है। साथ ही, राज्य में साइकिलिंग जैसे पर्यावरण-अनुकूल खेलों को बढ़ावा देने के लिए विशेष परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं।
ग्रीन एनर्जी और पर्यावरण संरक्षण की ओर हिमाचल का संकल्प – मुख्यमंत्री सुक्खू
मुख्यमंत्री ने प्रतियोगिता में देशभर से आए प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह आयोजन केवल खेल भावना को ही नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण के संदेश को भी आगे बढ़ाता है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने अपने पहले बजट में ही हरित विकास को प्राथमिकता देने की घोषणा की थी, और अब उसी दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।उन्होंने बताया कि राज्य की प्राकृतिक सुंदरता और स्वच्छ जलवायु को बनाए रखने के लिए ग्रीन एनर्जी के उपयोग को बढ़ावा देना अनिवार्य है। इसके अतिरिक्त, सरकार ने प्रदेश के कई पर्वतीय क्षेत्रों को ग्रीन ज़ोन घोषित कर निर्माण गतिविधियों पर रोक लगाई है ताकि पारिस्थितिक संतुलन बना रहे और जैव विविधता सुरक्षित रह सके।
