संजीव महाजन, नुरपुर: विधानसभा इंदौरा के जलशक्ति मंडल इंदौरा के तहत चल रहे एक ओवर हेड टैंक निर्माण में जल शक्ति विभाग के एक ठेकेदार की ओर से बिजली चोरी के साथ ही चोरी से खड्ड के रेत का इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। टैंक निर्माण में उक्त ठेकेदार जहां रेत की चोरी कर रहा था तो वहीं सरेआम बिजली के खंबे से बिजली की चोरी कर काम चला रहा था। ऐसे में विभाग की ओर से कार्रवाई करते हुए उक्त ठेकेदार की ओर से किए जा रहे काम को रुकवा दिया गया है।
वहीं जब मीडिया की टीम मौके पर पहुंची तो टैंक निर्माण कर रही लेबर टैंक का निर्माण कर रही थी। इस टैंक ने जो कंक्रीट डाली जा रही थी,उसमें खड्ड के रेत का इस्तेमाल किया जा रहा था। इस पर जब जल शक्ति मंडल इंदौरा के अधिशाषी अभियंता गुरबक्श धीमान को सूचित किया गया तो उन्होंने उसी समय कनिष्ठ अभियंता अमित कुमार को मौके पर भेज दिया। अमित कुमार ने मौके पर पहुंच कर पाया कि ठेकेदार की ओर से खड्ड की रेत का इस्तेमाल किया टैंक निर्माण में किया जा रहा था। उन्होंने ठेकेदार को तुरंत उक्त टैंक का निर्माण कार्य बंद करने के निर्देश जारी कर अधिशाषी अभियंता जल शक्ति मंडल इंदौरा को इस बारे रिपोर्ट भेज दी है।
बता दें कि यह कार्य जिस फ़र्म को अवार्ड हुआ है उस फ़र्म ने यह कार्य आगे किसी ठेकेदार को काम करने को दिया है। इससे पहले भी उक्त ठेकेदार की ओर से घटिया कार्य करने के बहुत से मामले सामने आ चुके है और विभाग ने उक्त ठेकेदार के खिलाफ पहले भी घटिया निर्माण करने पर कार्रवाई अमल में लाई जा चुकी है।
वहीं उक्त ठेकेदार से बिजली चोरी करने के विषय में जब विद्युत विभाग मंडल फ़तेहपुर के अधिशासी अभियंता कृष्ण देव शर्मा से बात कि तो उन्होंने मौके पर विद्युत विभाग के लाइनमैन को भेज दिया और लाइनमैन ने मौके पर आकर जिस तार से बिजली की चोरी की जा रही थी उस तार को भी व बिजली से चलने वाले उपकरण भी ज़ब्त कर लिए हैं हालांकि विभाग को चाहिए कि उक्त ठेकेदार के खिलाफ़ सख्त से सख्त कार्रवाई अमल में ला कर इसे ब्लैकलिस्ट किया जाए।
