कांगड़ा, विकास शर्मा-:.हिमाचल प्रदेश को ग्रीन स्टेट बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) ने धर्मशाला से चिंतपूर्णी धार्मिक स्थल तक इलेक्ट्रिक बस का सफल ट्रायल पूरा किया। इस परीक्षण के दौरान क्षेत्रीय प्रबंधक (डीएम) पंकज चड्डा और प्रबंधक (आरएम) साहिल कपूर स्वयं बस में मौजूद रहे और पूरे संचालन की निगरानी की।
वास्तविक परिस्थितियों में हुआ परीक्षण
ट्रायल को पूरी तरह वास्तविक परिस्थितियों के अनुरूप रखा गया। बस की लोड क्षमता जांचने के लिए उसमें सवारियों के अनुमानित वजन के बराबर रेत से भरी बोरियां रखी गईं। उद्देश्य यह था कि पहाड़ी चढ़ाई और घुमावदार मार्गों पर बस के प्रदर्शन का सटीक आकलन किया जा सके। बस ने धर्मशाला से चिंतपूर्णी तक का सफर बिना किसी तकनीकी बाधा के सफलतापूर्वक पूरा किया, जिसे निगम ने बड़ी उपलब्धि बताया है।
आधुनिक तकनीक और आरामदायक सफर
डीएम पंकज चड्डा ने बताया कि यह इलेक्ट्रिक बस अत्याधुनिक तकनीक से सुसज्जित है। बस पूरी तरह प्रदूषण मुक्त है, जिससे पर्यावरण संरक्षण में मदद मिलेगी। डीजल बसों की तुलना में इसमें शोर और कंपन न के बराबर है, जिससे यात्रियों को शांत और आरामदायक यात्रा का अनुभव मिलेगा।उन्होंने बताया कि बस में उन्नत सुरक्षा फीचर्स लगाए गए हैं, जो पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षित संचालन सुनिश्चित करते हैं। इसके अलावा बिजली से संचालन होने के कारण परिचालन लागत भी डीजल बसों की तुलना में कम है, जिससे निगम को आर्थिक लाभ होगा।
जल्द मिलेगी जनता को सुविधा
सफल परीक्षण के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस रूट पर नियमित इलेक्ट्रिक बस सेवा शुरू की जाएगी। इससे श्रद्धालुओं और स्थानीय यात्रियों को किफायती, सुरक्षित और पर्यावरण अनुकूल परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
TAGGED:
Kangra testing of electric bus
Chandrika
