हमीरपुर (अरविंदर सिंह): हमीरपुर जिला के सुजानपुर थाना प्रभारी सतपाल शर्मा को पुलिस विभाग के प्रतिष्ठित अवार्ड डीजीपी डिस्क से सम्मानित किया जाएगा। थाना प्रभारी सतपाल शर्मा ने इस सम्मान प्राप्ति के लिए पुलिस विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ-साथ पुलिस अधीक्षक हमीरपुर डॉ. आकृति शर्मा का धन्यवाद करते हुए आभार व्यक्त किया है. उधर थाना सुजानपुर में थाना प्रभारी को यह सम्मान मिलने पर स्टाफ सदस्यों ने बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए लड्डू खिलाकर मुंह मीठा करवाया। इस मौके पर सुजानपुर स्टाफ सदस्य ने थाना प्रभारी को बधाई शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
अवार्ड सूची में नाम आने पर थाना प्रभारी सतपाल शर्मा ने विभागीय उच्च अधिकारियों पुलिस अधीक्षक हमीरपुर एवं सुजानपुर थाना में कार्यरत स्टाफ सदस्यों का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि जो भी दायित्व विभाग की ओर से उन्हें दिया जाता रहा है। उन्होंने उस कार्य को मेहनत, ईमानदारी एवं स्टाफ सदस्यों के सहयोग से पूरा किया है। अपराधिक घटनाओं में कमी हो शांति का माहौल बना रहे इसके लिए भविष्य में भी कार्य किया जाएगा। जो भी दायित्व और मिलेगा उसे वह पूरा करने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
बताते चलें कि खनन माफिया की कमर तोड़ने को लेकर सुजानपुर थाना प्रभारी सतपाल शर्मा सुर्खियों में रहे है। अवैध खनन करने वालों पर प्रदेश की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई उनकी ओर से अपने स्टाफ सदस्यों के सहयोग से की गई थी, जिसमें दर्जनों छोटी बड़ी गाड़ियां, जेसीबी, टिप्पर विभाग ने पकड़े थे। प्रदेश की अवैध खनन की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की जाने पर प्रदेश पुलिस ने उनकी पीठ थपथपाई थी शायद यह आज उस बात का ही परिणाम है जो उनका नाम इस अवार्ड के लिए चुना गया है।
बता दें कि पुलिस विभाग में बेहतरीन कार्य करने वाले अधिकारियों को डीजीपी डिस्क अवार्ड से प्रतिवर्ष सम्मानित किया जाता है। इसके लिए बाकायदा विभागीय उच्च अधिकारी एक सूची जारी करते हैं जिसमें प्रदेश भर के बेहतरीन पुलिस अधिकारी इस अवार्ड से सम्मानित किए जाते हैं। इस बार की सूची में जिन अधिकारियों को यह अवार्ड मिलना है उसमें थाना प्रभारी सतपाल शर्मा का नाम भी शामिल है।
