बिलासपुर, सुभाष-: पूर्व मंत्री राजिंद्र गर्ग ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और प्रदेश सरकार पर पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में स्वीकृत विकास कार्यों का श्रेय लेने का आरोप लगाया है। बिलासपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए गर्ग ने कहा कि मुख्यमंत्री के हालिया बिलासपुर दौरे के दौरान जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया गया, उनमें से कई कार्य भाजपा सरकार के समय स्वीकृत या शुरू हुए थे।गर्ग ने आरोप लगाया कि सरकार को अपनी विदाई का अहसास हो गया है, इसलिए आनन-फानन में आधे-अधूरे कार्यों के उद्घाटन किए जा रहे हैं और नई शिलान्यास पट्टिकाएं लगाकर राजनीतिक श्रेय लेने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि भराड़ी को तहसील का दर्जा पूर्व भाजपा सरकार ने दिया था। इसी तरह भाजपा शासन में स्वीकृत कई स्वास्थ्य संस्थानों और सरकारी कार्यालयों को वर्तमान सरकार ने सत्ता में आते ही डीनोटिफाई कर दिया था, जिन्हें अब दोबारा शुरू करने की घोषणाएं की जा रही हैं।
पूर्व मंत्री ने घुमारवीं के आईपीडी भवन के उद्घाटन को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि भवन निर्माण के लिए केंद्र सरकार से करीब 9 करोड़ रुपये की राशि जारी हुई थी, लेकिन निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है। उनका आरोप है कि उद्घाटन के दौरान मुख्यमंत्री और स्थानीय मंत्री राजेश धर्माणी ने केंद्रीय बजट का उल्लेख नहीं किया।गर्ग ने कहा कि भराड़ी स्कूल भवन के लिए भी तत्कालीन भाजपा सरकार ने 2 करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे। अब उसी भवन का उद्घाटन कर वर्तमान सरकार श्रेय लेने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय योजनाओं से बनी सड़कों और अन्य परियोजनाओं के उद्घाटन में भी इसी तरह की राजनीति की जा रही है।पूर्व मंत्री ने सरकार से विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति और उनके लिए जारी धनराशि का स्पष्ट ब्यौरा जनता के सामने रखने की मांग की।
