विकास शर्मा,चिंतपूर्णी: कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अपनी धर्मपत्नी सहित बुधवार को मां चिंतपूर्णी के दरबार में माथा टेका और पूजा अर्चना की। उनके चिंतपूर्णी मंदिर पहुंचने पर कांग्रेस सचिव संजीव कालिया और मंदिर प्रशासन ने इनका स्वागत किया। संजीव कालिया ने इन्हें माता रानी की फोटो देकर सम्मानित भी किया। माता रानी के दर्शन करने के बाद सुखविंदर सुक्खू ने पत्रकारवार्ता में कहा कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनना तय है। उन्होंने कहा कि जनता की भावनाएं कांग्रेस के साथ जुड़ी हुई हैं और यह चुनाव खुद जनता ने लड़ा है।
इन चुनाव परिणामों में कांग्रेस की जीत ऐतिहासिक होगी। सुखविंदर सुक्खू ने कहा कि यह चुनाव राजा वीरभद्र सिंह की अनुपस्थिति में लड़ा गया, लेकिन सभी कार्यकर्ताओं ने एकजुटता से यह चुनाव लड़ा हैं। उन्होंने कहा कि यह चुनाव महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार के मुद्दे पर लड़ा गया है। कांग्रेस की सरकार बनने पर हिमाचल का मुख्यमंत्री कौन होगा इस सवाल पर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि परिणाम आने के बाद जीते हुए विधायक ही तय करेंगे कि हिमाचल का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा और उसके बाद हाईकमान का फैसला अंतिम होगा। इस मौके पर मंदिर अधिकारी बलबंत सिंह,सहायक मंदिर अधिकारी अशोक डोगरा,रवि पराशर भी मौजूद रहे।
