संजू चौधरी, शिमला: राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर बुधवार को शिमला में सूचना व जनसंपर्क विभाग की ओर से पत्रकारों के लिए एक विचार विमर्श सत्र का आयोजन किया। इस सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में हिमाचल सरकार के सूचना व जन संपर्क , प्रधान सचिव सुभाशीश पांडा उपस्थित रहे। सत्र में वक्ताओं ने राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने आज के समय में मीडिया के समक्ष पेश आ रहीं चुनौतियों, मीडिया के बढ़ रहे सोशल मीडिया और वेब रीच व ग्लोबल प्रभाव पर विस्तृत चर्चा की। इस सत्र के दौरान अपने वक्तव्य में सुभाशीश पांडा ने कहा कि मीडिया राष्ट्र को एकजुट व सशक्त बनाने की भूमिका निभाता है और इसका उदाहरण हमें कोरोना महामारी के समय देखने को मिला। आम आदमी की आवाज को उठाने के साथ ही सकारात्मक खबरों को उजागर करने से राष्ट निर्माण मे सहयोग मीडिया से ही मिलता है। उन्होंने मीडियाकर्मियों से राष्ट्रीयता के निर्माण में सहयोग की अपील की।
अनिल नेगी,किन्नौर: बदलते परिवेश में मीडिया की भूमिका में भी बदलाव आया है। एक सशक्त राष्ट्र निर्माण व विकास में मीडिया की अहम भूमिका है ओर लोकतंत्र में मीडिया का प्रमुख स्थान है ओर इसे लोकतंत्र का चैथा सतंभ भी कहा जाता है। यह बात आज राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर जिला लोक संपर्क अधिकारी कार्यालय रिकांगपिओ की ओर से उपायुक्त कार्यालय के सभागार में ‘‘राष्ट्र निर्माण में मीडिया की भूमिका’’ पर आयोजित एक विचार-विमर्श सत्र के।दौरान उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने कही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त किन्नौर आबिद हुसैन सादिक ने कहा कि मीडिया सरकार व प्रशासन के बीच सेतु के रूप में कार्य करता है। सरकार की विकासात्मक नीतियों व कार्यक्रमों को लोगों तक पहुंचाने में मीडिया की अहम भूमिका रहती है। वहीं इन योजनाओं से मिलने वाले लाभों व योजना की सफलता व कमियों के बारे में फीडबैक देने भी में मीडिया की अहम भूमिका है। उन्होंने कहा कि विकास के लिए जनता को जागरूक करना बेहद जरूरी है जिसमें मीडिया जन-जन तक सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इससे लोगों को सरकारी कार्यक्रमों, योजनाओं व इनसे मिलने वाले लाभों को प्राप्त करने में सहायता मिलती है।
इस अवसर पर जिला लोक संपर्क अधिकारी सिंपल सकलानी ने मुख्य अतिथि ओर सभी पत्रकारों का कार्यक्रम में पधारने पर स्वागत किया ओर इस अवसर पर आयोजित विचार-विमर्श सत्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार व अमर उजाला के संवाददाता रतन लाल नेगी ने मुख्य अतिथि को टोपी व अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। परिचर्चा सत्र में भाग लेते हुए रतन लाल नेगी ने कहा कि राष्ट्र निर्माण में मीडिया की अहम भूमिका होती है ओर मीडिया से जुड़े सभी सदस्यों का यह दायित्व बनता है कि वह एक सशक्त राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित बनाएं।
