शिमला (एकता): हिमाचल में कांग्रेस की जीत के बाद मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर चल रही माथापच्ची आखिरकार खत्म हुई। हिमाचल प्रदेश को उसका नया मुख्यमंत्री मिल चुका है। सुखविंदर सिंह सुक्खू को प्रदेश का बा मुख्यमंत्री बनाया गया है और आज विधानसभा में हुई विधायक दल की बैठक में सर्वसम्मति से मुख्यमंत्री पद पर सुखविंदर सिंह सुक्खू का नाम तय करने पर सभी विधायकों ने सहमति भरी जिसके बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया गया है। इसके अलावा मुकेश अग्निहोत्री को उपमुख्यमंत्री का पद दिया गया है।
वहीं मुख्यमंत्री पद पर अपने नाम का ऐलान होने के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू भावुक हो गए। उन्होंने मुख्यमंत्री बनाए जाने को लेकर गांधी परिवार का आभार जताया। मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी सहित राहुल गांधी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने 18 साल की उम्र से एनएसयूआई संगठन में छात्र राजनीति से अपना राजनीतिक सफर शुरू किया था और उसके बाद युवा कांग्रेस और फिर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के पद पर भी काम करने का मौका मिला।
उन्होंने कहा की उस समय भी गांधी परिवार ने ही उन्हें अध्यक्ष बनाया था और अब मुख्यमंत्री पद की जिम्मेवारी भी उन्हें गांधी परिवार की ओर से ही सौंपी गई है जिसके लिए वह गांधी परिवार का आभार जताते हैं। उन्होंने प्रदेश की जनता का भी साथ देने के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि वह सत्ता,सत्ता परिवर्तन के लिए नहीं बल्कि व्यवस्था परिवर्तन के लिए चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अब जब कांग्रेस की सरकार बनी हैं और उन्हें मुख्यमंत्री पद की कमान सौंपी गई है तो जो भी वायदे प्रदेश की जनता से किए गए हैं उन वायदों को पूरा करना उनकी जिम्मेवारी है और उन्हें पूरा किया जाएगा।
वहीं दूसरी ओर है विधायक दल की बैठक से पहले ही सुखविंदर सिंह सुक्खू का मुख्यमंत्री बनना लगभग तय हो चुका था,लेकिन सभी को आलाकमान की घोषणा का इंतजार था। इस दौरान विधानसभा के बाहर प्रतिभा सिंह समर्थकों के साथ ही सुखविंदर सिंह सुक्खू के समर्थक भी मौजूद थे। जैसे ही मुख्यमंत्री पद के लिए सुखविंदर सिंह सुक्खू का नाम फाइनल हुआ तो सुखविंदर सिंह सुक्खू के समर्थकों ने विधानसभा परिसर के बाहर जश्न मनाना शुरू कर दिया और जमकर नारेबाजी भी विधानसभा परिसर में की गई।
