शिमला,24 फरवरी -:शिमला समेत पूरे हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ और सुहावना बना रहा। दिनभर धूप खिलने से खासकर मैदानी जिलों में तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। ऊना प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 27.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। साफ मौसम के कारण लोगों ने खुली धूप का आनंद लिया।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 26 फरवरी से प्रदेश में एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 27 और 28 फरवरी को चम्बा और लाहौल – स्पीती के ऊंचाई वाले कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है। हालांकि, राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहने का पूर्वानुमान है।
सोमवार को शिमला में अधिकतम तापमान 17.6 डिग्री, धर्मशाला में 22.1, नाहन में 23.6, कैलोंग में 5.7, सोलन में 23.0, मनाली में 17.8, कांगड़ा में 25.4 और मंडी में 26.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान की बात करें तो कुकुमसेरी में माइनस 4.9 और ताबो में माइनस 4.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा कलपा में 0.2, मनाली में 2.9, सोलन में 6.2 और शिमला में 7.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की सलाह दी है।
