शिमला-:मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह रविवार को ‘एस्पायर टैलेंट हंट’ प्रतियोगिता का पोस्टर जारी किया। यह प्रतियोगिता 27 सितंबर को आयोजित की जाएगी, जिसके माध्यम से एस्पायर संस्थान अपने सुपर-50 बैच के लिए प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन करेगा।इस अवसर पर जानकारी दी गई कि संस्थान 15 ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ को नीट और जेईई जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध कराएगा। इन विद्यार्थियों की कोचिंग, अध्ययन सामग्री और अन्य शैक्षणिक आवश्यकताओं का पूरा खर्च संस्थान स्वयं वहन करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने लगभग 6,000 निराश्रित बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ का दर्जा प्रदान करने के लिए विशेष कानून लागू किया है। इसके तहत सरकार 27 वर्ष की आयु तक इन बच्चों की शिक्षा, देखभाल और अन्य आवश्यकताओं की जिम्मेदारी निभा रही है।उन्होंने बताया कि ‘इंदिरा गांधी सुख शिक्षा योजना’ के माध्यम से विधवा एवं एकल महिलाओं के बच्चों की शिक्षा का खर्च भी सरकार द्वारा उठाया जा रहा है। सरकार समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सचिव आशीष सिंहमार, अतिरिक्त प्रधान निजी सचिव राजीव कुमार तथा एस्पायर संस्थान के प्रबंध निदेशक योगेंद्र मीणा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
