संजु चौधरी,शिमला: साल 2022 में विधानसभा चुनावों में अपनी जीत को सुनिश्चित करने के लिए भारतीय जनता पार्टी पूरा जोर लगा रही है। यही वजह है कि पार्टी की ओर से हिमाचल में एक नया इतिहास रचने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए 30 अक्टूबर को 68 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ 68 रैलियां निकालने की तैयारी भाजपा की ओर से की जा रही है। पार्टी का यह नया प्रयोग है जिसे लेकर पार्टी इतिहास रचने जा रही है। भाजपा 30 अक्टूबर को सभी 68 विधानसभा क्षेत्रों में एक साथ विशाल जनसभा कर प्रदेश में शक्ति प्रदर्शन करने की तैयारी में है।
30 अक्टूबर को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और बीजेपी राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा के साथ कई अन्य स्टार प्रचारक जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 5 नवंबर और 9 नवंबर को हिमाचल दौरे पर आना संभावित है। हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने बताया कि विजय संकल्प अभियान के जरिए भारतीय जनता पार्टी प्रदेश में रिवाज बदलने जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार ने जनता के लिए जो काम किया, उससे जनता ने रिवाज बदलने का मन बना लिया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बड़े-बड़े दावे तो करती रही, लेकिन कांग्रेस की सरकार ने हिमाचल प्रदेश से विशेष राज्य का दर्जा छिना इसके अलावा हिमाचल को मिलने वाले इंडस्ट्रियल पैकेज को भी कांग्रेस की सरकार ने खत्म किया। कश्यप ने कहा कि आज वर्तमान सरकार ने प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। प्रदेश को मेडिकल डिवाइस पार्क, बल्क ड्रग पार्क, एम्स और आईआईआईएम की सौगात देकर भाजपा ने इतिहास रचा है। कश्यप ने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश की जनता भाजपा का रिवाज़ बदलने में साथ देगी। उन्होंने प्रदेश में अलग-अलग विधानसभा क्षेत्र में बागियों को लेकर कहा कि पार्टी सभी के साथ संवाद कर रही है। जल्द ही सभी नेताओं के साथ की नाराजगी दूर कर उन्हें मना लिया जाएगा। सुरेश कश्यप ने पार्टी से बगावत करने वालों को कड़ा संदेश भी दिया। उन्होंने कहा कि अगर पार्टी से कोई बगावत करता है, तो पार्टी उस पर कड़ी कार्रवाई करेगी।
