सोलन/योगेश शर्मा: सोलन में अधिकतर दुकानों से मिठाइयों से एक्सपायरी डेट गायब हो गई है। पर्ची में सिर्फ मिठाई का नाम और उसका प्राइस लिखा जाता है, जबकि जिला प्रशासन ने सख्त नियम अपनाने का आदेश दिया था। हर मिठाई की एक्सपायरी मिठाई के साथ ही दुकानदार को लगाना जरूरी है। शुरुआत में कुछ दिनों तक तो इसका पालन हुआ, लेकिन अब नहीं हो रहा है। मिठाइयों को हलवाई दुकान पर काफी समय पहले बनाकर रख लेते हैं। वे इसे मांग के आधार पर बेचते रहते हैं। कई बार मिठाइयां पुरानी होने की वजह से लोगों के स्वास्थ्य पर इसका बुरा असर पड़ता है।

अधिकतर विक्रेता बिना बेस्ट बिफोर डेट टैगिंग के ही मिठाई बेच रहे हैं। जबकि कुछ स्वीट्स शॉप अपने अंदाजे से ही बेस्ट बिफोर का टैग भी चस्पा कर मिठाइयां बेच रहे हैं। लेकिन खाद्य सुरक्षा विभाग यहां कार्रवाई करता नज़र नहीं आ रहा है। शहरवासियों ने रोष प्रकट करते हुए कहा कि जब प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग ने तिथि लिखने के लिए आदेश जारी किए है तो उसकी अनुपालना शहर के व्यवसायियों को करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहरवासियों की सुरक्षा के लिए नियम अगर बनाए गए है तो खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को देखना चाहिए कि उन नियमों का पालन हो रहा है या नहीं। अगर यह पालन ठीक से नहीं होता है तो विभाग को चाहिए की वह कुछ सख्ती करें। ताकि ग्राहकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ न हो।
