मंडी,धर्मवीर (TSN)- त्यौहारों की मिठास को बढ़ाने के लिए हिमाचल सरकार के उपक्रम मिल्कफेडरेशन ने भी अपने उत्पादों को बाजारों में पहुंचा दिया है। मिल्कफेड द्वारा पहाड़ी दूध से बनाई गई मिठाईयों का स्टाल मंडी शहर में शुरू हो गया है। एसडीएम सदर आईएएस अधिकारी ओमकांत ठाकुर ने आज इसका विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने लोगों से इन मिठाइयों की अधिक से अधिक खरीदारी करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इन मिठाईयों के पीछे हिमाचल के पशुपालकों का अहम योगदान है क्योंकि उनके द्वारा उपलब्ध करवाए जाने वाले दूध से ही इन्हें बनाया जाता है। यह वोकल फॉर लोकल के नारे को चरितार्थ करने का बेहतरीन माध्यम है।
मिल्क फेडरेशन के यूनिट इंचार्ज विश्वकांत शर्मा ने बताया कि मिल्कफेड द्वारा 18 प्रकार की मिठाईयों और गिफ्ट पैक को बाजार में उतारा गया है। गत वर्ष के मुकाबले सिर्फ पंजीरी और काजू बर्फी के दामों में बढ़ोतरी की गई है जबकि बाकी सभी मिठाईयों के दाम सामान्य ही हैं। उन्होंने बताया कि मिल्क फेडरेशन द्वारा पूरे प्रदेश में त्यौहारों के मौके पर इस तरह के स्टॉल लगाए गए हैं जहां पर लोग जाकर मिल्क फेडरेशन के उत्पादों को खरीद सकते हैं। लोगों की सुविधा के लिए शुगर फ्री उत्पाद भी मुहैया करवाए जा रहे हैं।
