भावना, शिमला: स्मार्ट सिटी शिमला को पूरी तरह से स्मार्ट सिटी बनाने के लिए और शहर वासियों को सभी तरह की सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे है। इसी कड़ी में अब शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बढ़ावा देने के लिए और प्रतिबंधित मार्ग पर लोगों को ट्रांसपोर्टेशन की सुविधा मिल सके इसके लिए शिमला के प्रतिबंधित मार्गो पर टेंपो ट्रैवलर की सुविधा स्थानीय लोगों को दी जा रही है। गुरुवार को शहरी मंत्री सुरेश भारद्वाज ने इन टेंपो ट्रैवलर को हरी झंडी दिखाकर शहर के प्रतिबंधित मार्गों के लिए रवाना किया।
शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बताया कि शहर के मुख्य स्थलों जैसे माल रोड, रिज मैदान के लिए लोगों के आवागमन को सुचारू बनाने के लिए प्रतिबंधित मार्गों पर टेंपो ट्रैवलर चलाए जाएंगे । इसके लिए एचआरटीसी को पहले इनोवा टैक्सी दी गई थी और अब ट्रैवलर दिए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इसी कड़ी में जल्द ही स्मार्ट सिटी मिशन की ओर से बसें भी एचटीसी को दी जाएगी, ताकि शहर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट बेहतर सुविधा जनता को उपलब्ध हो ।
