बिलासपुर : सुभाष ठाकुर-बिलासपुर के सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता करते हुए हमीरपुर संसदीय क्षेत्र कांग्रेस प्रवक्ता अधिवक्ता तेजस्वी शर्मा ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार दमनकारी नीति के तहत विपक्ष की आवाज दबाई जा रही है। देश की रक्षा और सुरक्षा के उपक्रम अपने चहेते मित्र अडाणी को बेचे जा रहे हैं।
देश की जनता के एलआईसी और एसबीआई में लगे पैसे अचानक गायब हो जाते हैं तो जब इस बारे में सवाल किया जाता है तो देश के प्रधानमंत्री इन आरोपों का जबाब देने की बजाय अपनी उपलब्धि गिनाकर मुद्दे से भटकाने में बिजी रहे। कोई प्रश्न न कर पाए इसके लिए मीडिया को भी खामोश कर दिया है। तेजस्वी शर्मा ने कहा कि अडाणी को नियमों को ताक पर रखकर लोन दिए गए। जो आज डूब गए हैं लेकिन सरकार कार्यवाही के नाम पर कुछ नही किया जा रहा है। उन्होंने भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से पूछा है कि सरकार इस बारे में कार्यवाही क्यों नहीं कर रही। उन्होंने कहा कि आने वाले लोकसभा चुनावों में भाजपा को इसका खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
