राहुल चावला,धर्मशाला : प्रदेश विधानसभा के 4 जनवरी से शुरू होने वाले शीतकालीन सत्र के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू मंगलवार को धर्मशाला पहुंचेगे। सीएम के धर्मशाला आगमन पर उनका जोरावर स्टेडियम में नागरिक अभिनंदन किया जाएगा। यहां पर कांग्रेस की ओर से अभिनंदन समारोह ओर जन आभार रैली का आयोजन भी किया जाएगा जिसमें 15 हजार की भीड़ जुटाने का लक्ष्य कांग्रेस ने तय किया हैं।
शाहपुर के विधायक एवं सीएम अभिनंदन समारोह के समन्वयक केवल सिंह पठानिया ने बताया कि धर्मशाला के तपोवन स्थित विधानसभा भवन में 4 से 6 जनवरी तक शीतकालीन सत्र का आयोजन किया जाना हैं विधायक केवल सिंह पठानिया ने कहा कि सामान्य पारिवारिक पृष्ठभूमि से निकल कर अपनी योग्यता से सूबे के शीर्ष पद तक पहुंचे सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू, आम जन के लिए संघर्ष से सफलता के आदर्श हैं। जन मन से सीधा जुड़ाव उनकी ताकत हैं। एनएसयूआई के आम कार्यकर्ता से सीएम बनने तक का सुखविंद्र सिंह सुक्खू का सफर पार्टी कार्यकर्ताओं समेत सभी के लिए प्रेरणादायक हैं।
उन्होंने कहा कि सुक्खू के अभिनंदन समारोह में जिला भर से कार्यकर्ता और आम लोग पहुंचेंगे। पठानिया ने कहा कि विधानसभा चुनावों में कांगड़ा जिले के प्रबुद्ध मतदाताओं ने पूरे दिल से कांग्रेस पार्टी को अपना आशीर्वाद दिया हैं। जिले की 10 सीटें जिता कर प्रदेश में सुखविंद्र सिंह सुक्खू के सबल नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाने में कांगड़ा का बड़ा योगदान हैं।
बता दें कि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पहली बार जिला कांगड़ा दौरे पर आ रहे हैं। वहीं सरकार बनने के बाद यह पहली रैली हैं जो कांग्रेस प्रदेश में करने जा रही हैं।
