अरविंदर सिंह,हमीरपुर: मुख्यमंत्री की ओर से बजट में की गई घोषणाओं, अन्य योजनाओं ओर प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं को अमलीजामा पहनाने के लिए अधिकारी तेजी से कार्य करें। इनमें किसी भी तरह का अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। यह निर्देश उपायुक्त हेमराज बैरवा ने गुरुवार को आयोजित बैठक में जिला के सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
जिला के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं और बजट में की गई घोषणाओं को निर्धारित अवधि में धरातल पर उतारने के लिए कृतसंकल्प हैं और स्वयं इनकी प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं। उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपने गृह जिले के लिए भी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की हैं। इन घोषणाओं से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताएं प्राथमिकता के आधार पर पूरी की जानी चाहिए। इनके लिए जमीन हस्तांतरण और अन्य प्रक्रियाओं में अगर कहीं कोई दिक्कत आ रही है तो विभागीय अधिकारी तुरंत जिला प्रशासन को अवगत करवाएं, ताकि तुरंत प्रभाव से आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
विभिन्न विभागों की कल्याणकारी योजनाओं की चर्चा करते हुए उपायुक्त ने कहा कि फील्ड में इन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार होना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक लोग इनका लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि विभागों को इन योजनाओं के लिए बजट का प्रावधान भी हो चुका हैं, इसलिए विभागीय अधिकारी इन योजनाओं के लिए पात्र लोगों को चिह्नित करें ओर उनका एक व्यापक डाटा तैयार रखें,ताकि इन लोगों को लाभांवित किया जा सके। उपायुक्त ने कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जिले के अधिकारियों से आम लोग ज्यादा अपेक्षाएं रखते हैं,इसलिए सभी अधिकारी जनआकांक्षाओं पर खरा उतरने की दिशा में कार्य करें।
