सुभाष ठाकुर, बिलासपुर: प्रदेश में एसीसी बरमाणा सीमेंट उद्योग बंद होने की वजह से ट्रक ऑपरेटर्स के साथ ही यहां काम करने वाले कामगारों को नुकसान उठाना पड़ रहा हैं। वहीं इस प्लांट के बंद होने से आबकारी एवं कराधान विभाग को भी करोड़ों की चपत लग रही हैं। 6 करोड़ का घाटा यहां सीमेंट प्लांट बंद होने से विभाग को हुआ हैं। एक ओर जहां आबकारी एवं कराधान विभाग को सीजीसी का नुकसान हुआ हैं। वहीं, दूसरी ओर एजीटी में भी चपत लग रही हैं। यही नहीं टोल में भी लाखों का आंकड़ा दर्ज किया गया हैं। यदि जल्द ही एसीसी सीमेंट उद्योग सुचारू रूप से शुरू नहीं हुआ तो यह घाटा लगातार बढ़ता जाएगा।
बता दें कि एसीसी बरमाणा सीमेंट उद्योग बंद होने के चलते ऑपरेटरों को ही घाटा नहीं हुआ है। बल्कि एक तरह से कई वर्ग ऐसे हैं जिन्हें घाटे की मार सहन करनी पड़ रही हैं। कर्मचारियों को जहां परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं, ऑपरेटर अपनी मांगों को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। वहीं, अब आबकारी एवं कराधान विभाग का घाटा भी करोड़ों में पहुंच चुका है।
