विकास शर्मा,चिंतपूर्णी: हिमाचल में अडानी ग्रुप की ओर से दो सीमेंट प्लांट अनिश्चितकालीन समय के लिए बंद कर दिए गए हैं। इन सीमेंट प्लांट के बंद होने के बाद से लगातार भाजपा कांग्रेस को इस मामले पर घेरती हुई नज़र आ रही हैं। पूर्व उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर ने भी अब इस मामले पर प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तंज कसा है। उन्होंने मुख्यमंत्री सुक्खू को इस मामले पर घेरते हुए खरी खोटी सुनाई है।
पूर्व उद्योग मंत्री ने कहा कि हिमाचल में रोजगार छिन रहा ओर इस दौरान मुख्यमंत्री राहुल गांधी को खुश करने राजस्थान चले गए हैं। मुख्यमंत्री की प्राथमिकता राहुल गांधी को खुश रखने में हैं, जबकि उन्हें प्रदेश की चिंता करनी चाहिए। यहां दो सीमेंट उद्योग बंद हो गए हजारों लोगों का रोजगार चला गया। उन्होंने सीमेंट उद्योगों पर प्रबंधन की ओर से ताला लगाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
उन्होंने कहा कि सीमेंट उद्योगों पर ताला लगने से इससे बहुत ज्यादा नुकसान हिमाचल प्रदेश के लोगों को हुआ हैं। बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि पूरी सरकार दिल्ली में बैठकर मंत्री बनाने की चिंता करते रहे और हिमाचल प्रदेश में हजारों लोगों का रोजगार छीन रहा हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार यह बोलकर आई थी कि एक साल के अंदर एक लाख लोगों को रोजगार देगी, लेकिन बहुत बड़ा नुकसान सीमेंट उद्योगों के बंद होने से हुआ है। बिक्रम सिंह ठाकुर ने सरकार से इसे स्पष्ट करने को कहा है और जल्द ही समस्या का हल करने की मांग भी की हैं।
बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि ढुलाई के रेट बढ़ाने को लेकर विवाद हुआ हैं। उन्होंने कहा कि जब वह उद्योग मंत्री थे तो उनके समय में टेबल पर बैठकर इन बातों को सुलझाया गया था, लेकिन अब सरकार और प्रबंधन को एक टेबल पर बैठकर बात सुलझानी चाहिए, जिससे आम व्यक्ति और कर्मचारियों की रोजी रोटी चलती रहे। ट्रक ऑपरेटर भी कंपनी के इस निर्णय से सकते में हैं। ट्रक यूनियन के लोग भी हिमाचल प्रदेश से संबंधित हैं ओर इस तरह के निर्णय से उनके कारोबार पर भी बड़ा असर पड़ेगा।
बिक्रम सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर तंज कसते हुए कहा कि इस वक्त उन्हें प्राथमिकता के आधार पर प्रदेश को रखना चाहिए न कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस पार्टी के कार्यक्रम में राजस्थान गए हैं तो पौंग बांध विस्थापितों का दर्द भी जानकर आएं।
बदलियां करने के लिए पैसे लेने का आरोप सरासर गलत
जसवां प्रागपुर के विधायक बिक्रम सिंह ठाकुर ने उन पर बदलियां करने के एवज में पैसे लेने की बातों के आरोपों पर कहा कि बदलियां करने के पैसे लेने की बात सरासर गलत हैं। जसवां प्रागपुर में कोई भी व्यक्ति कह दे कि हमनें पैसे लिए हैं। यह केवल अखबार की सुर्खियों में आने के लिए कट्टर कांग्रेसी करते हैं। अभी तक हिमाचल प्रदेश में विकास की बात कोई नहीं कर रहा है। यह सिर्फ लोगों का ध्यान भटकाना चाहते हैं।
कांग्रेस अटल टनल को बंद करें या चलाए यह उनकी मर्जी
अटल टनल को लेकर पैदा हुए विवाद पर बिक्रम सिंह ठाकुर ने कहा कि अब कांग्रेस की सरकार है वो जो करना चाहें वो करें। चाहें तो टनल को बंद करें या चलाएं यह उनकी मर्जी है। ऐसे लोगों को भ्रम में न डालें।
