राहुल चावला,पालमपुर: हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने मंगलवार को कांगड़ा जिले के खडुल में जगत तारणी माता मंदिर के रजत जयंती समर्पण समारोह में भाग लिया। यहां कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि यह मंदिर क्षेत्र के लोगों के लिए अटूट श्रद्धा का केंद्र हैं। उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं के पास लोग जाते नहीं है बल्कि बुलावा आता है तभी जाते हैं। इसी कारण मुझे यहां आने का मौका मिला हैं। देवी-देवताओं का आशीर्वाद हो तभी कार्य संभव हो पाते हैं।
राज्यपाल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को देवभूमि कहा जाता हैं। यहां लोगों का देवी-देवताओं पर अटूट विश्वास और आस्था है, जो लोगों को सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि देवभूमि की यह पवित्रता बनाए रखने के लिए हम सबको योगदान देना चाहिए। उन्होेंने कहा कि नशे के कारण यह पवित्रता खंडित हो रही हैं। हम सबको मिलकर इसके प्रति अभियान छेड़ना चाहिए ओर हमारे गांव नशे से मुक्त हो इसके लिए प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने स्थानीय लोगों से केंद्र और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। राज्यपाल ने मंदिर के संयोजक और संस्थापक राकेश कुमार की ओर से धार्मिक अनुष्ठान के माध्यम से अपनी संस्कृति, समाज और संस्कारों को पोषित करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि धार्मिक व्यक्तित्व के श्री राकेश शर्मा ने अपने परिवार के साथ यहां मंदिर स्थापित कर समाज सेवा का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर वर्ष अपने पैतृक गांव मे उत्सव के रूप में स्थापना दिवस मनाने से यहां पर्यटन क्षेत्र को भी लाभ हो रहा है। उन्होंने कहा कि इस दौरान मेले के आयोजन और इसमें खेलों तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जा रहा है। इससे हमारी समृद्ध संस्कृति को संरक्षरण प्राप्त होने के साथ-साथ बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए भी मंच मिल हो रहा हैं।
