सोलन (योगेश शर्मा): 24 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंडी में भाजयुमो की युवा संकल्प रैली में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम को लेकर सोलन में भी तैयारियां शुरू कर दी गई है। शुक्रवार को भाजयुमो सोलन मंडल द्वारा शहर के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में एक बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ युवा मोर्चा सोलन मंडल के कार्यकर्ताओं ने पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर रणनीति तैयार की। बैठक की अध्यक्षता भाजयुमो सोलर मंडल अध्यक्ष रोहित भारद्वाज ने की।
इस दौरान रोहित भारद्वाज ने कहा कि 24 सितंबर को प्रधानमंत्री हिमाचल आने वाले हैं। ऐसे में उनके स्वागत को लेकर युवाओं में खासा उत्साह है। उन्होंने कहा कि मंडी में 24 सितंबर को आयोजित होने वाली युवा संकल्प रैली में सोलन मंडल से भी कार्यकर्ता भाग लेने वाले हैं। उन्होंने कहा कि इसी के मद्देनजर आज एक बैठक आयोजित की गई है।
रोहित भारद्वाज ने कहा कि जिस तरह से सरकार और संगठन ने नारा दिया है कि इस बार हिमाचल प्रदेश में रिवाज बदली जाएगी तो उसको लेकर संगठन के साथ मिलकर भाजयुमो भी लगातार कार्य कर रहा है। रोहित ने कहा कि इस बार विधानसभा चुनाव में युवा मोर्चा जमीनी स्तर पर कार्य करके प्रदेश में मिशन रिपीट करने के लिए पूरी तरह से तैयार है। वहीं सोलन सदर सीट को भी युवा मोर्चा जितवाकर इस बार भाजपा संगठन की झोली में देने वाले हैं।
