अरविंदर सिंह, हमीरपुर: प्रदेश की कांग्रेस सरकार की ओर से पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल के अंतिम 6 महीनों में लिए गए फैसलों को डी नोटिफाई करने के फ़ैसले को प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष सुजानपुर के विधायक राजेंद्र राणा ने सही करार दिया। प्रदेश में कांग्रेस सरकार के गठन के बाद पहली बार पत्रकार वार्ता करते हुए राजेंद्र राणा ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की ओर से जो भी भर्ती में भ्रष्टाचार के आरोप पूर्व जयराम सरकार पर लगाए गए थे वह सभी सिद्ध हो रहे हैं। वहीं राणा ने सुजानपुर विधानसभा चुनावों में पैसों व शराब के इस्तेमाल पर भी भाजपा पर निशाना साधा।
राजेंद्र राणा ने भाजपा की ओर से विभिन्न संस्थानों को डिनोटिफाई करने के मुद्दे पर की जा रही बयानबाजी को निराधार करार देते हुए कहा कि अंतिम 6 माह में भाजपा ने राजनीतिक लाभ लेने के लिए ही हर जगह बिना सोचे समझे घोषणा की थी जिसे वर्तमान कांग्रेस सरकार ने रिव्यू करने का फैसला किया हैं। उन्होंने कहा कि जहां भी लोकहित होगा वहां पर सरकार विकास कार्य को अंजाम देगी। वहीं कैबिनेट विस्तार को लेकर उन्होंने कहा कि जल्द ही कैबिनेट विस्तार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
