संजु चौधरी, शिमला: भारत जोड़ो यात्रा के जरिए राहुल गांधी देश को एकजुट करने की कोशिश कर रहे हैं। इस यात्रा में आम आदमी की आवाज उठाने का काम किया जा रहा हैं। यह बात हिमाचल कांग्रेस की अध्यक्षा प्रतिभा सिंह ने कांग्रेस के 138वें स्थापना दिवस के मौके पर शिमला राजभवन में आयोजित कार्यक्रम के बाद वीडियो से रूबरू होते हुए कही।
हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने स्थापना दिवस की सभी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि रोजाना 25 किलोमीटर पैदल चलना आसान काम नहीं है, लेकिन राहुल गांधी ने देश के लिए अपने कंधों पर यह जिम्मा लिया हैं। प्रतिभा सिंह ने राहुल गांधी की भारत यात्रा की जमकर तारीफ की.
हिमाचल कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि संसद में सरकार विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कर रहा हैं। शीतकालीन सत्र में विपक्ष को बोलने का मौका नहीं दिया गया। बेवजह के मुद्दों पर चर्चा करती रही। प्रतिभा सिंह ने कहा कि विपक्ष भारत की सीमा में चीनी सेना के अतिक्रमण के बारे में चर्चा करना चाह रहा था, लेकिन सरकार ने इसका मौका नहीं दिया। उन्होंने कहा कि विपक्ष ने विरोध स्वरूप राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष बैठ कर प्रदर्शन किया। प्रतिभा सिंह ने आरोप लगाया कि सरकार विपक्ष की आवाज दबाने की कोशिश कर रही हैं।
