बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – किरतपुर से नेरचौक तक फोरलेन निर्माण में लगी कंपनी को हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग ने करोड़ों की रिकवरी निकाली है। यह परियोजना अब जल्द ही बनकर तैयार होने जा रही है । अप्रैल माह से इसे छोटे वाहनों के लिए शुरू करने की योजना भी बनाई गई है। ऐसे में अब लोक निर्माण विभाग बिलासपुर ने फोरलेन निर्माण में लगी कंपनी व नेशनल हाइवे अथारिटी को तीन करोड़ 74 लाख रुपये की रिकवरी निकाली है।
गड़ा मोड़ा से भगेड़ तक लोक निर्माण विभाKग की 11 सड़कों की हालत खस्ता
फोरलेन निर्माण में इस्तेमाल होने वाली भारी भरकम मशीनरी से लोक निर्माण विभाग की करीब 11 सड़कें खराब हो गई हैं । अब उन पर चलना खतरे से खाली नहीं है। यही वजह है कि अब परियोजना के पूरा होने के साथ साथ लोक निर्माण विभाग ने उनकी टूटी फूटी सड़कों की बदहाल स्थिति को सुधारने के बारे में भी पत्र लिखा है। लोक निर्माण विभाग की 11 सड़कों को फोरलेन निर्माण से नुकसान पहुंचा है। सड़कों की मरम्मत के लिए एनएचएआई को लिखा गया है। टेंडर के तहत तय शर्तों के मुताबिक वह कंपनी से इन सड़कों को तैयार करवा सकती है या फिर इसके लिए लोक निर्माण विभाग के पास पैसा जमा करवा सकती है। इसका एस्टीमेट करीब 3.74 करोड़ रुपये बना दिया गया है, जो संबंधित विभाग को भेजा गया है ।
