बिलासपुर:सुभाष ठाकुर(TSN)-बिलासपुर सोलन सीमा पर स्थित त्रिवेणीघाट अली खड्ड से पानी उठाने के मामले को लेकर संघर्ष समिति ने एक बार फिर प्रशासन और सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। अलीखड्ड पानी बचाओ संघर्ष समिति ने दो टूक शब्दों में कहा है कि यदि अलीखड्ड का पानी ऊठाने का प्रयास किया गया, तो आंदोलन को और अधिक उग्र कर दिया जाएगा। जिसका जिम्मेवार सीधे तौर पर प्रशासन और सरकार होगी।
वीरवार को बिलासपुर के परिधि गृह में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अलीखड्ड पानी बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक रजनीश शर्मा ने कहा कि अंबुजा कंपनी के इशारे पर त्रिवेणीघाट से पानी उठाने की कोशिश की जा रही थी। जिसका भारी विरोध हुआ। सरकार के आश्वासन पर विरोध को स्थगित कर दिया गया था। लेकिन, अब एक बार फिर यहां पानी उठाने के प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हम अर्की क्षेत्र के लोगों के पानी के विरोध में नहीं है। लेकिन इन लोगों के लिए पानी की व्यवस्था सतलुज से की जानी चाहिए। आज भी वहां निगरानी तंबू अभी भी लगाया गया है। पिछले कल अर्की क्षेत्र के अधिकारी अलीखड्ड में निरीक्षण करने पहुंचे थे। लेकिन, बिलासपुर के अधिकारियों को इस बारे में जानकारी नहीं दी गई और न ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों को कॉन्फिडेंस में लिया गया। इसे सहन नहीं किया जाएगा। गलत तरीके से पानी उठाने सरासर गलत है। संघर्ष समिति इसका कड़ा विरोध करती है।
