ज्वालामुखी,कपिल -:विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री ज्वालामुखी मंदिर से सोमवार को सवर्ण एकता यात्रा एवं ज्वाला माता की दिव्य ज्योति दर्शन यात्रा के लिए पवित्र अखंड ज्योति प्रज्वलित की गई। राजपूत कल्याण सभा हमीरपुर के पदाधिकारियों और सदस्यों ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद मां ज्वाला की पवित्र ज्योति प्राप्त की और इसे लेकर हमीरपुर के नादौन के लिए प्रस्थान किया।राजपूत कल्याण सभा की ओर से आयोजित यह सवर्ण एकता यात्रा 14 सितंबर से 19 सितंबर तक जिला हमीरपुर के विभिन्न क्षेत्रों से होकर गुजरेगी। यात्रा का उद्देश्य सवर्ण समाज में एकता और आपसी समन्वय का संदेश पहुंचाने के साथ-साथ समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद स्थापित करना है।
यात्रा का शुभारंभ 14 सितंबर को सुबह 10 बजे नादौन पुल से किया जाएगा। इसके बाद यात्रा जिला हमीरपुर के विभिन्न उपमंडलों और ग्रामीण क्षेत्रों से होकर 19 सितंबर को जिला मुख्यालय में संपन्न होगी। यात्रा के दौरान मां ज्वाला की अखंड ज्योति दिन-रात प्रज्वलित रहेगी। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं को मां ज्वाला की दिव्य ज्योति के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि यात्रा के दौरान जिला भर के सवर्ण समाज के लोगों के साथ विस्तारपूर्वक संवाद किया जाएगा। समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर लोकतांत्रिक व्यवस्था के समक्ष समाज की मांगों और पक्ष को मजबूती से रखने के लिए एक साझा मंच तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।
राजपूत कल्याण सभा ने जिला हमीरपुर की जनता से आह्वान किया है कि यात्रा जिन-जिन क्षेत्रों से होकर गुजरे, वहां अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मां ज्वाला की दिव्य ज्योति के दर्शन करें और आशीर्वाद प्राप्त करें। साथ ही सवर्ण समाज में एकता और भाईचारे का संदेश देने में सहयोग करें।मां ज्वाला की ज्योति प्राप्त करने के लिए राजपूत कल्याण सभा हमीरपुर के जिला अध्यक्ष जोगिंदर ठाकुर, महासचिव अजय रानोत, पैटर्न यशपाल मन्हास, सदस्य सरूप ठाकुर, रवि ठाकुर, रसाल सिंह और महेंद्र भारद्वाज श्री ज्वालामुखी मंदिर पहुंचे। मंदिर में पूरे धार्मिक विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना करने के बाद पवित्र ज्योति प्रज्वलित की गई और उसे लेकर हमीरपुर के नादौन के लिए रवाना हुए।
